*INDIA CRIME NEWS 15 साल बाद निकलीं मां महिष मर्दिनी की देवरा यात्रा, जयकारों से गूंजा मैखंडा”

Share Button

*INDIA CRIME NEWS 15 साल बाद निकलीं मां महिष मर्दिनी की देवरा यात्रा, जयकारों से गूंजा मैखंडा”

*हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में शुभ मुहूर्त पर मंदिर से बाहर आई उत्सव डोली, प्राचीन पौराणिक झूले पर मां ने किया नृत्य, मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए सात लाख रुपये की घोषणा,*

रुद्रप्रयाग। नौजुला मैखंडा की आराध्य सिद्धपीठ मां महिष मर्दिनी की बहुप्रतीक्षित देवरा यात्रा का रविवार को शुभ मुहूर्त में विधिवत शुभारंभ हो गया। करीब 15 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद मां की उत्सव डोली के देवरा यात्रा पर निकलने से क्षेत्र में आस्था और उत्साह का माहौल बन गया। हजारों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण और दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु मां के दर्शनों के लिए मंदिर परिसर में उमड़ पड़े। वैदिक मंत्रोच्चार, ढोल-दमाऊं और मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

रविवार सुबह विद्वान आचार्यों और मंदिर पुजारियों ने वेद मंत्रोच्चार के बीच मां की विशेष पूजा-अर्चना शुरू की। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। सभी भक्त उत्सव डोली के मंदिर से बाहर आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। करीब साढ़े 11 बजे शुभ मुहूर्त में मां की उत्सव डोली मंदिर सभामंडप से बाहर निकली। इसके बाद डोली ने मंदिर की परिक्रमा की। मां के जयकारों से वातावरण गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए।
मंदिर की परिक्रमा के दौरान मां की उत्सव डोली अपने प्राचीन पौराणिक झूले के पास पहुंची। यह दृश्य देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इसके बाद मां की डोली ने चारों ओर नृत्य किया। देव पार्श्वाओं ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। परंपरागत धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मां को अर्घ्य अर्पित किया गया। पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद मां की उत्सव डोली थाती मैखंडा के लिए रवाना हुई, जहां रविवार रात उसका विश्राम होगा।

मंदिर के पुजारी ओम प्रकाश सेमवाल ने बताया कि देवरा यात्रा के शुभारंभ से पूर्व दो दिनों तक मां की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। रविवार सुबह शुभ मुहूर्त में विधिवत पूजन के बाद मां की उत्सव डोली को मंदिर से बाहर लाया गया। देव पार्श्वाओं से आदेश प्राप्त होने के बाद डोली को देवरा यात्रा के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह पूजा-अर्चना के बाद मां की डोली देवरा यात्रा के पहले पड़ाव खड़िया गांव के लिए प्रस्थान करेगी।
देवरा यात्रा के दौरान मां की उत्सव डोली क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देगी। इसके बाद डोली केदारनाथ धाम के साथ गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जाएगी। 15 वर्ष बाद शुरू हुई इस धार्मिक यात्रा को लेकर क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह है।

देवरा यात्रा के शुभारंभ अवसर पर पहुंचीं केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठेत ने भी मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। दोनों घोषणाओं से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।

इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठेत, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख शैलेंद्र कोटवाल, देवरा यात्रा समिति अध्यक्ष दर्शन सिंह गुसाईं, मंदिर पुजारी ओम प्रकाश सेमवाल, प्रवीण सेमवाल, सुनील सेमवाल, देवेंद्र सेमवाल, पंकज सेमवाल, शंकर प्रसाद तिवारी, धीरेंद्र रावत, राजेश भट्ट, परशुराम गैरोला, जगत सिंह रमोला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *