*INDIA CRIME NEWS देर रात तक चली मैराथन बैठक में दिखे एसएसपी दून के कड़े तेवर*

Share Button

*INDIA CRIME NEWS देर रात तक चली मैराथन बैठक में दिखे एसएसपी दून के कड़े तेवर*

*त्योहारी सीजन व आगामी वीआईपी कार्यक्रमों के दृष्टिगत अधीनस्थ अधिकारियों को दिये कडे निर्देश*

*सभी थाना क्षेत्रों में मुख्य बाजारों, भीड-भाड वाले क्षेत्रों व सवेंदनशील स्थानों पर पुलिस की विजिबिलिटी बढाने के दिये निर्देश*

*यातायात के सुचारू संचालन हेतु मुख्य मार्गों के साथ-साथ यातायात के दबाव वाले क्षेत्रों व मुख्य बाजारो में सडक किनारे, दुकानों के बाहर व फुटपाथों पर किये गये अस्थाई अतिक्रमण के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही के दिये निर्देश*

*कानून व्यवस्था/यातायात व्यवस्था को सुदृढ बनाने के लिये सभी अधिकारियों को अपने पर्यवेक्षण में लगातार प्रभावी चैकिंग अभियान चलाने हेतु किया निर्देशित*

*त्यौहारी सीजन के दौरान ज्वैलरी शॉप्स तथा फाइनेंशियल संस्थानों में चेकिंग व प्रभावी गश्त के दिये निर्देश*

*आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु पूर्व मे आपराधिक घटनाओं में प्रकाश में आये/जमानत पर चल रहे अभियुक्तों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए उनके नियमित रूप से भौतिक सत्यापन के दिये निर्देश*

*अपराधों की समीक्षा के दौरान लम्बित घटनाओं के लम्बित रहने के कारणों की ली जानकारी, त्वरित अनावरण हेतु किया निर्देशित*

*सीसीटीएनएस के अन्तर्गत पोर्टलों में सभी सूचनाओं को समय से अध्यवधिक करने के दिये निर्देश, कोताही बरतने वालों को दी सख्त हिदायत*

*साइबर अपराधों के निस्तारण में अपेक्षानुरूप प्रदर्शन न करने वाले अधिकारियों को लगाई फटकार, शीघ्र विधिक निस्तारण के दिये निर्देश*

वर्तमान में चल रहे नवरात्रों, आगामी त्यौहारों तथा शहीद दिवस व राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली रैतिक परेड में प्रस्तावित वीआईपी/वीवीआईपी कार्यक्रमों के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था के साथ-साथ कानून एवं शान्ति व्यवस्था को सुदृढ बनाये रखने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, यातायात निरीक्षकों, अग्निशमन अधिकारियों व शाखा प्रभारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा उपस्थित अधिकारियों के साथ आगामी त्यौहारी सीजन व वीवीआईपी कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्हें निम्न दिशा निर्देश दिये गये।

1- आगामी त्यौहारी सीजन के दौरान सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पूर्व में चिन्हित किये गये चैकिंग प्वाइंटो पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को नियुक्त करते हुए प्रभावी चैकिंग करना सुनिश्चित करें। साथ ही थाना क्षेत्रान्तर्गत भीड़ भाड़ वाले स्थानों व मुख्य बाजारों में पुलिस की विजिबिलिटी को बढाते हुए संदिग्धों व अराजक तत्वों पर सतर्क दृष्टि हेतु सादे वस्त्रों में पुलिस बल को नियुक्त किया जाये। यदि किसी थाना क्षेत्र में पुलिस चैकिंग की लापरवाही अथवा शिथिलता के कारण कोई घटना घटित होती है तो सम्बन्धित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय करते हुए उसके विरूद्ध विभागीय कार्यवाही की जायेगी।

2- त्यौहारी सीजन के दौरान लोगों का आवागमन बढने तथा उससे यातायात व्यवस्था में पडने वाले अतिरिक्त दबाव के दृष्टिगत सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में यातायात के सुचारू संचालन हेतु थाने से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करें। सभी क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारी पीक आवर्स के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों के व्यस्ततम मार्गों/चौराहों पर स्वंय मौजूद रहकर यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित करेंगे। यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही को नजरअंदाज नहीं किया जायेगा व सम्बन्धित के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।

3- सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में मुख्य बाजारों व भीड-भाड वाले स्थानों, मुख्य चौराहों व यातायात के दबाव वाले क्षेत्रों में सडक किनारे व फुटपाथों पर किये गये अस्थाई अतिक्रमण के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सभी थाना क्षेत्रों में मुख्य बाजारों तथा भीड-भाड वाले स्थानों को संवेदनशीलता की दृष्टि से चिन्हित करते हुए उक्त स्थानों पर अग्नि सुरक्षा के समुचित प्रबन्ध करना सुनिश्चित करें। सभी थाना प्रभारी इस बात को सुनिश्चित कर लें कि मुख्य बाजारों में दुकानों के बाहर अथवा फुटपाथों पर किसी भी दशा में कोई अस्थाई अतिक्रमण न हो, जिससे किसी आकस्मिक स्थिती में आपात सेवा के वाहनों का मुख्य बाजारों तक निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।

4- आगामी धनतेरस व दीपावली के त्यौहार के दृष्टिगत सभी थाना प्रभारी अपने अपने थाना क्षेत्रों में स्थित ज्वैलरी शॉप्स, बैंक, एटीएम, फाइनेंस कार्यालय व सर्राफा बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करना सुनिश्चित करे। समस्त ज्वैलरी / सर्राफा दुकानों, बैंकों, एटीएम बूथों व गोल्ड लोन / फाइनेंस कार्यालयों का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम व सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था को चैक किया जाये तथा बिना सुरक्षा गार्ड व बिना सीसीटीवी के संचालित एटीएम बूथों/प्रतिष्ठानों की सूची तैयार कर सम्बन्धित प्रबंधकों को नोटिस दिया जाये। उक्त सभी कार्रवाई का विवरण थाने में एक रजिस्टर बनाकर उसमें अंकित किया जाए, तथा सभी क्षेत्राधिकारी नियमित रूप से उक्त रजिस्टर का अवलोकन करते हुए पुलिस कार्यवाही का जायजा लेना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त सर्राफा बाजार, पलटन बाजार व अन्य भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर सादे व वर्दी में पुलिस गश्त बढ़ाई जाये।

5- आगामी राजकीय पर्वो व राज्य स्थापना दिवस के दौरान विशिष्ट तथा अति विशिष्ट महानुभावों के जनपद में आगमन के दृष्टिगत सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश हेतु प्रभावी चैकिंग/सत्यापन अभियान चलाना सुनिश्चित करें। सुरक्षा की मध्यनजर सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी सतर्क दृष्टि रखी जाये तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक खबरें प्रचारित/प्रसारित कर शान्ति एवं कानून व्यवस्था को बिगाडने का प्रयास करने वालों को चिन्हित करते हुए उनके विरूद्ध प्रभावी वैधानिक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।

6- विभिन्न थाना क्षेत्रों में घटित अपराधों की समीक्षा के दौरान लम्बित घटनाओं के अनावरण हेतु की गई कार्यवाही की जानकारी प्राप्त करते हुए सम्बन्धित थाना प्रभारियो को उनके त्वरित अनावरण के निर्देश दिये गये। साथ ही आपराधिक घटनाओ पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु सवेंदनशील/भीड भाड वाले स्थानों पर पुलिस गश्त को बढाने व पूर्व में आपराधिक घटनाओ में प्रकाश में आये/जमानत पर चल रहे अभियुक्तों पर सतर्क निगरानी रखते हुए नियमित रूप से उनके भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिये गये।

7- सीसीटीएनएस के अन्तर्गत विभिन्न पोर्टलों में की जा रही कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए पोर्टलों में सूचनाओं को समय से अध्यावधिक न करने पर सम्बन्धित थाना प्रभारियों को कडी फटकार लगाते हुए सभी सूचनाओं को नियमित रूप से पोर्टल पर अध्यवधिक करने तथा इसमें किसी प्रकार की कोताही न बरतने के निर्देश दिये गये।

8- साइबर शिकायतों के निस्तारण, ई जीरो एफआईआर/नेशनल क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल की समीक्षा के दौरान साइबर सम्बन्धी शिकायतों के निस्तारण में अपेक्षानुरूप कार्यवाही न करने पर सभी थाना प्रभारियों को सख्त चेतावनी देते हुए उनके शीघ्र विधिक निस्तारण के निर्देश दिये गये। साथ ही उन्हें स्पष्ट हिदायत दी गई कि साइबर सम्बन्धित मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा तथा कोताही बरतने वालों के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *