*INDIA CRIME NEWS मोदी सरकार के 12 वर्षों में बदली देश की तस्वीर, विकास और सुशासन का नया अध्याय लिखाः गणेश जोशी*

Share Button

*INDIA CRIME NEWS मोदी सरकार के 12 वर्षों में बदली देश की तस्वीर, विकास और सुशासन का नया अध्याय लिखाः गणेश जोशी*

*रुद्रप्रयाग पहुंचकर प्रभारी मंत्री ने किया पौधरोपण, गिनाईं केंद्र सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां*

रुद्रप्रयाग। जनपद प्रभारी मंत्री एवं उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को रुद्रप्रयाग पहुंचकर भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ मां’ के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा पत्रकार वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से रखा।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते 12 वर्षों में विकास, सुशासन, जनकल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत संरचना और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार की उपलब्धियों का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास, सहभागिता और संकल्प का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 में लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को मिला जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता विकास और सुशासन की राजनीति पर भरोसा जता रही है। आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) देश के 22 राज्यों में जनता की सेवा कर रहा है।

गणेश जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला और युवा कल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जैसी योजनाओं ने करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ी है तथा लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों के खातों तक पहुंचा है। इससे भ्रष्टाचार और फर्जी लाभार्थियों पर प्रभावी अंकुश लगा है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में देश की आधारभूत संरचना को अभूतपूर्व गति मिली है। राष्ट्रीय राजमार्गों, ग्रामीण सड़कों, रेलवे नेटवर्क, मेट्रो सेवाओं, हवाई अड्डों और डिजिटल कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हुआ है। वंदे भारत ट्रेन, अटल टनल, चिनाब ब्रिज और नया पंबन ब्रिज जैसी परियोजनाएं नए भारत की विकास यात्रा की प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर एक मजबूत, सक्षम और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में उभरा है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान तथा विभिन्न देशों के साथ बढ़ते आर्थिक और रणनीतिक संबंध भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को दर्शाते हैं।

गणेश जोशी ने कहा कि विकास के साथ-साथ सरकार ने देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव को भी नई पहचान दी है। कर्तव्य पथ, पंचतीर्थ, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नया संसद भवन, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, हर घर तिरंगा तथा एक पेड़ मां के नाम जैसे अभियानों ने राष्ट्रभावना को सशक्त बनाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, समावेशी विकास, सुशासन और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत का संकल्प केंद्र सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसी लक्ष्य को लेकर सरकार कार्य कर रही है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, सीमांत क्षेत्र अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, जिला भेषज संघ की नव-निर्वाचित अध्यक्ष आरती रावत, वाचस्पति सेमवाल, महावीर पंवार सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के उपरांत प्रभारी मंत्री ने भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रगीत का वाचन किया तथा संगठनात्मक बैठक लेकर आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियान की समीक्षा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *