*INDIA CRIME NEWS राहुल गांधी परेड ग्राउंड में नहीं कर पाएंगे छात्रों की गूंज कार्यक्रम*

Share Button

*INDIA CRIME NEWS राहुल गांधी परेड ग्राउंड में नहीं कर पाएंगे छात्रों की गूंज कार्यक्रम*

*परेड ग्राउंड में जारी लोक संवर्धन पर्व’ की अवधि 17 जुलाई तक बढ़ी*

देहरादून। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित देहरादून दौरे से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। प्रशासन ने परेड ग्राउंड में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की अनुमति देने से इनकार कर दिया। वजह यह बताई गई कि परेड ग्राउंड में 11 से 15 जुलाई तक केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और उत्तराखंड सरकार की ओर से ‘लोक संवर्धन पर्व’ आयोजित हो रहा है। इसी लोकपर्व की अवधि अब 17 जुलाई तक बढ़ा दी है।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने बताया कि कांग्रेस ने परेड ग्राउंड के लिए आवेदन दिया था, लेकिन शुरुआत में कार्यक्रम का पूरा विवरण नहीं दिया था। मेयर की संस्तुति पर 10 जुलाई को ही शर्तों के अधीन एक अनुमति पत्र जारी किया गया था। शर्त यह है कि सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय और अन्य संबंधित विभागों से एसओसी मिलने के बाद ही अंतिम मंजूरी मान्य होगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस करीब ढाई लाख लोगों के रजिस्ट्रेशन का दावा कर रही है, जबकि परेड ग्राउंड की क्षमता सिर्फ 20 हजार लोगों की है। इसके अलावा परेड ग्राउंड में केंद्र सरकार का ‘लोक पर्व’ (केंद्र सरकार का कार्यक्रम) चल रहा है, जो 17 जुलाई तक एक्सटेंड (विस्तारित) हो गया है।
16 और 17 जुलाई को वहां राज्यपाल के कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। नगर निगम के नियमों के तहत जो कार्यक्रम पहले से स्वीकृत या चल रहा होता है, उसी को प्राथमिकता दी जाती है। नगर निगम अधिकारी ने कहा कि कांग्रेस को विकल्प के तौर पर ‘बन्नू फील्ड’ की पेशकश की गई है। यदि कांग्रेस मंगलवार शाम तक भी सिटी मजिस्ट्रेट की एनओसी उपलब्ध करा देती है, तो नियमानुसार स्थल आवंटन पर भी विचार किया जा सकता है।

इस ताजे घटनाक्रम के बाद कांग्रेस अब वैकल्पिक स्थल की तलाश में जुटी है। कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों से पेपर लीक, भर्ती घोटालों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर संवाद करने वाले हैं। गौरतलब है उत्तराखण्ड कांग्रेस पार्टी 17 जुलाई के राहुल गांधी के ‘ छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारी में जोर शोर से जुटी है। इससे पूर्व, 4 जून को राहुल गांधी का अल्मोड़ा व पौड़ी का कार्यक्रम खराब मौसम की भेंट चढ़ गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *