*INDIA CRIME NEWS मानसूनी कहरः ताश के पत्तों की तरह ढह गया पुराना मकान*
नई टिहरी। उत्तराखण्ड में भारी बारिश का कहर जारी है। बारिश के चलते प्रदेश के पहाड़ी इलाकों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भूस्खलन से जगह जगह मार्ग अवरूद हो रही है तो वहीं टिहरी जिले में सुरकंडा के पास कद्दूखाल में रेस्टोरेंट से सटा एक पुराना भवन ताश के पत्तों की तरह ढह गया।
टिहरी में बारिश जमकर कहर बरपा रही है। बारिश के कारण लगातार जगह-जगह लैंडस्लाइड होने की सूचनाएं आ रही है। जहां भी रिस्क लेकर निर्माण कराए गए हैं, वहां खतरा ज्यादा है। सुरकंडा के पास कद्दूखाल में राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए (चम्बा-मसूरी हाइवे) पर बुधवार शाम भूस्खलन से दो रेस्टोरेंट खतरे की जद में आ गए। एहतियात के तौर पर दोनों रेस्टोरेंट, आसपास के खोखे और श्रमिकों की झुग्गियों को खाली करा दिया गया। वहीं, भूस्खलन में एक पुराना खाली भवन भी क्षतिग्रस्त हो गया। मकान जिस तरह ढहा वो दृश्य बेहद डरावना था। मकान के साथ पानी की प्लास्टिक की कई सारी टंकियां भी नीचे जा गिरीं। जैसे ही मकान ढहा, उससे ऊपर की तरफ सटाकर बनाए गए भवन पर भी खतरा मंडरा गया। उस भवन की नींव भी खाली हो चुकी है और ये भवन भी कभी भी गिर सकता है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्र को तत्काल खाली कराया गया है। जांच में पाया गया कि एक व्यक्ति द्वारा होटल निर्माण के लिए कराई जा रही खोदाई के कारण पहाड़ी का हिस्सा दरक गया, जिससे भूस्खलन हुआ. मामले की जांच की जा रही है।

