*INDIA CRIME NEWS करंट लगने से व्यक्ति की मौत, जांच में जुटी पुलिस*

Share Button
*INDIA CRIME NEWS करंट लगने से व्यक्ति की मौत, जांच में जुटी पुलिस*
रुद्रपुर। काशीपुर के बाजपुर रोड स्थित आईजीएल गेट नंबर-6 के सामने बने एक पेट्रोल पंप पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि यहां लगे वाटर कूलर में कथित तौर पर करंट आने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, भले ही यह जांच का विषय है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मृतक की पहचान सर्वेश कुमार पुत्र हरिचंद, निवासी ग्राम भूवरा, मसवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सर्वेश कुमार नैनी स्टोन क्रशर में कार्यरत था। रोज की तरह काम खत्म करने के बाद वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में वह पेट्रोल भरवाने के लिए उक्त पेट्रोल पंप पर रुका था। पेट्रोल भरवाने के बाद वह हाथ-पैर धोने के लिए वहां लगे वाटर कूलर के पास पहुंचा, तभी ये हादसा हुआ। हादसे में सर्वेश कुमार गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सीओ काशीपुर प्रशांत कुमार ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है, जिसके आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक सर्वेश कुमार विवाहित था, उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बेटे हैं। चार भाइयों में वह सबसे बड़ा था। उसकी असामयिक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर वाटर कूलर में करंट कैसे आया। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *