*INDIA CRIME NEWS नैनीताल में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई संपर्क मार्ग बाधित*
हल्द्वानी। जनपद के हल्द्वानी और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश का दौर जारी है। बारिश के चलते शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित हुआ है। जिला प्रशासन ने पूरे जिले में अलर्ट जारी करते हुए सड़क बाधित होने और भूस्खलन की स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश दिए है। आपदा प्रबंधन कक्ष से लगातार निगरानी की जा रही है।
हल्द्वानी और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिल रही है। निचले इलाकों में सड़कों और रास्तों पर पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश का असर शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कें प्रभावित होने और भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे में जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के अनुसार, आपदा प्रबंधन कक्ष के माध्यम से पूरे जिले में मानसून और बारिश की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जहां भी सड़क बाधित होती है या भूस्खलन जैसी स्थिति सामने आती है, वहां तत्काल सरकारी मशीनरी को सक्रिय किया जाए।
प्रशासन का कहना है कि बारिश के कारण उत्पन्न होने वाली किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को तैयार रखा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है और सड़क बंद होने की सूचना मिलने पर जेसीबी और अन्य मशीनरी की मदद से मार्ग को जल्द से जल्द खोलने की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, प्रशासन ने लोगों से भी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से संवेदनशील और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। मौसम को देखते हुए आने वाले घंटों में भी प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की निगरानी जारी रहेगी।

