*INDIA CRIME NEWS पौड़ी हाईवे पर हाथियों ने जमकर मचाया उत्पात, तीन वाहनों को किया छतिग्रस्त*
कोटद्वार। सोमवार सुबह सिद्धबली मंदिर और लालपुल के बीच पौड़ी हाईवे पर हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। अचानक हाईवे पर आए गजराज वाहनों के पीछे दौड़ पड़े। इस दौरान हाथी ने तीन वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों को देख राहगीरों में अफरातफरी मच गई। घटना सुबह 7.30 के करीब की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही वन कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हाथी को बामुश्किल जंगल की ओर खदेड़ा। बताया जा रहा है कि हाथी अभी भी घटनास्थल के आसपास ही घूम रहा है और हाईवे पर आने का प्रयास कर रहा है। वन कर्मी मौके पर डटे हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह हाथी के हाईवे पर आने से कोटद्वार से पर्वतीय क्षेत्रों के स्कूलों और कॉलेजों में जाने वाले शिक्षक देर से रवाना हुए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार सुबह अचानक हाथियों का झुंड सिद्धबली मंदिर रोड पर पहुंच गया। हाथियों को देखकर वाहन चालकों और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। इस दौरान हाथियों ने सड़क पर खड़े कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचाया। स्थिति को देखते हुए दोनों ओर से यातायात प्रभावित हो गया और सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचें वनकर्मियों ने लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी और हाथियों को सड़क से हटाकर जंगल की ओर भेजने के लिए प्रयास शुरू किए। विभागीय टीम को हाथियों के झुंड को वहां से निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद हाथियों का झुंड सड़क से हटकर जंगल की ओर चला गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।हाथियों के इस तरह आबादी और व्यस्त मार्ग पर पहुंचने से एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा सामने आया है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और हाथियों की आवाजाही वाले मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

