*INDIA CRIME NEWS चंपावत में 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत, 3 लोग घायल, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश*

Share Button

*INDIA CRIME NEWS चंपावत में 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत, 3 लोग घायल, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश*

चंपावत। जिले के बनलेख इलाके में एक कार अनियंत्रित हो 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। तीन लोग घायल हुए हैं। एक गंभीर घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया है। दुर्घटना की सूचना पर त्वरित कार्रवाई कर एसडीआरएफ एवं पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी घायलों को खाई से निकाल जिला अस्पताल पहुंचाया। जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने दुर्घटना के कारणों के मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं।
खटीमा से पिथौरागढ़ जा रही एक कार मंगलवार शाम के समय चंपावत जिले के बनलेख क्षेत्र में अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में चार लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चम्पावत कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

पुलिस जवानों और स्थानीय लोगों ने खड़ी पहाड़ी से नीचे उतरकर कार में फंसे सभी लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल चम्पावत पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के बाद एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दो घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आने के कारण बेहतर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया है। सड़क दुर्घटना में हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ टीम की त्वरित कार्रवाई से घायलों को समय रहते खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। रेस्क्यू अभियान में स्थानीय लोगों ने भी पुलिस टीम का सहयोग किया। वहीं पहाड़ी क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु चंपावत पुलिस ने पहाड़ी रास्तों पर सावधानी से वाहन चलाए जाने की अपील की है।

चम्पावत पुलिस ने पहाड़ी मार्गों पर वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतते हुए मोड़ों, ढलानों और खराब मौसम के दौरान वाहन की गति नियंत्रित रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क कर त्वरित मदद की जानकारी दी गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच के लिए एसडीएम चम्पावत को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच अधिकारी को दुर्घटना के कारणों, परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की गहनता से जांच कर 15 दिनों के भीतर जांच आख्या जिलाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की तथ्यपरक जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *