*INDIA CRIME NEWS गहरी खाई में गिरी बाइक, दो घायल, तीसरे की तलाश जारी*
उत्तरकाशी। देर रात गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भैरवघाटी के समीप एक बाइक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो युवक घायल हो गए, जबकि तीसरा युवक लापता हो गया। तीसरे की तलाश जारी है। दोनों घायल युवकों को उपचार के लिए नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। .
मिली जानकारी के अनुसार बीते देर रात्रि चौकी गंगोत्री से सूचना प्राप्त हुई कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भैरवघाटी से लगभग 3 किलोमीटर आगे गंगोत्री की ओर एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई है। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ टीम प्रभारी उपनिरीक्षक देवीदत्त बड़थ्वाल के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल पर तीन व्यक्ति सवार थे।

दुर्घटना में दो व्यक्ति सामान्य रूप से घायल हुए, जिन्हें 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से उपचार हेतु अस्पताल भेज दिया गया। वहीं तीसरे व्यक्ति सुरेश लामा (उम्र 26 वर्ष), पुत्र कुलबहादुर, निवासी नेपाल, हाल निवासी हिमाचल प्रदेश, के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई। एसडीआरएफ टीम द्वारा संभावित क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया। लापता व्यक्ति की तलाश हेतु एसडीआरएफ द्वारा सभी संभावित स्थानों पर व्यवस्थित एवं गहन खोजबीन की जा रही है। लापता की खोज के लिए सर्च अभियान लगातार जारी है। एसडीआरएफ टीम द्वारा स्थानीय पुलिस एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के समन्वय से लापता व्यक्ति को जल्द खोजने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

