*INDIA CRIME NEWS भूस्खलन से गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग अवरूद्ध*

Share Button
*INDIA CRIME NEWS भूस्खलन से गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग अवरूद्ध*
उत्तरकाशी। मानसून की बारिश पहाड़ी जनपदों में अपना कहर बरपा रही है। गुरुवार को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग नालूपानी के पास भारी मलबा और भूस्खलन होने से अवरुद्ध हो गया। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्यानाचट्टी के समीप भूस्खलन के कारण बंद हो गया। दोनों मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की टीमें युद्धस्तर पर राहत एवं बहाली कार्य में जुटी हुई हैं। वहीं लगातार खराब मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्या ने पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित करते हुए सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। गंगोत्री हाईवे पर नालूपानी के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आने से यातायात रोकना पड़ा। हालांकि अभी नालूपानी के पास हाईव खोल दिया गया, लेकिन पहाड़ी से लगातार बोल्डर आने के बावजूद यात्री जान जोखिम में डाल कर जा रहे हैं। दूसरी ओर स्यानाचट्टी के समीप यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी भूस्खलन की चपेट में आ गया। राष्ट्रीय राजमार्ग बड़कोट और संबंधित एजेंसियों की टीमें जेसीबी मशीनों की मदद से लगातार मलबा हटाने के कार्य में लगी हुई हैं।
 जिले में लगातार हो रही वर्षा और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्या ने आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूस्खलन संभावित स्थानों पर पर्याप्त मैनपावर और जेसीबी मशीनों की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, जिससे मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में उन्हें शीघ्र खोला जा सके तथा आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *