*INDIA CRIME NEWS मौत के मुहाने से जिंदगी वापस लाई एसडीआरएफ, उफनती नदी के बीच चट्टानों में फंसे व्यक्ति का साहसिक रेस्क्यू*

Share Button

*INDIA CRIME NEWS मौत के मुहाने से जिंदगी वापस लाई एसडीआरएफ, उफनती नदी के बीच चट्टानों में फंसे व्यक्ति का साहसिक रेस्क्यू*

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में लगातार हो रही वर्षा के कारण नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे ही विषम हालात के बीच राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने अपनी त्वरित कार्रवाई और अदम्य साहस का परिचय देते हुए एक व्यक्ति को मौत के मुहाने से सुरक्षित बाहर निकालकर नया जीवन प्रदान किया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार प्रातः कोतवाली सोनप्रयाग के माध्यम से एसडीआरएफ को सूचना प्राप्त हुई कि सटल पुल के समीप एक व्यक्ति नदी किनारे विशाल चट्टानों और पत्थरों के बीच फंस गया है। नदी का तीव्र बहाव और लगातार बढ़ता जलस्तर उसकी जान के लिए गंभीर खतरा बन चुका था। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि संबंधित व्यक्ति उफनती नदी के बेहद निकट एक चट्टान के पास फंसा हुआ था तथा स्वयं सुरक्षित स्थान तक पहुंचने में पूरी तरह असमर्थ था। परिस्थितियां अत्यंत चुनौतीपूर्ण थीं और किसी भी क्षण बड़ा हादसा हो सकता था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ के प्रशिक्षित जवानों ने बिना समय गंवाए वैकल्पिक एवं दुर्गम मार्ग से घटनास्थल तक पहुंच बनाई। विषम भौगोलिक परिस्थितियों, फिसलन भरे मार्गों और तेज बहाव के बीच टीम ने अत्यंत सूझबूझ, धैर्य और साहस का परिचय देते हुए सफल रेस्क्यू अभियान संचालित किया तथा व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू किए गए व्यक्ति की पहचान बचन सिंह (56 वर्ष), पुत्र गोविंद सिंह, निवासी मटधार, घनसाली, जनपद टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के पश्चात एसडीआरएफ टीम द्वारा उन्हें सरकारी वाहन से सोनप्रयाग चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।

स्थानीय लोगों एवं प्रत्यक्षदर्शियों ने एसडीआरएफ की तत्परता और पेशेवर दक्षता की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि समय पर पहुंची टीम ने एक अनमोल जीवन बचाकर संभावित बड़ी दुर्घटना को टाल दिया। यह सफल अभियान एक बार फिर सिद्ध करता है कि उत्तराखंड एसडीआरएफ आपदा, दुर्घटना एवं संकट की प्रत्येक घड़ी में जनता के लिए एक भरोसेमंद जीवनरक्षक बल के रूप में कार्य कर रही है। विपरीत परिस्थितियों में भी एसडीआरएफ के जवानों का साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा लोगों के लिए आशा की किरण बनकर सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *