*INDIA CRIME NEWS राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर जनपदभर में गूंजा आयुर्वेद का संदेश*

Share Button

*INDIA CRIME NEWS राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस पर जनपदभर में गूंजा आयुर्वेद का संदेश*

*स्वास्थ्य शिविर, प्रकृति परीक्षण, योग व जीवनशैली परामर्श के साथ चला स्वच्छता अभियान*

रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर बुधवार को जनपदभर के आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में विभिन्न जागरूकता एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान आमजन को आयुर्वेद के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के साथ स्वास्थ्य शिविर, प्रकृति परीक्षण, योग एवं जीवनशैली परामर्श, औषधीय पौधारोपण तथा स्वच्छता अभियान चलाए गए।

जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय रुद्रप्रयाग में आयोजित कार्यक्रम में संगोष्ठी के साथ स्वच्छता अभियान भी संचालित किया गया। कार्यक्रम में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आर.एस. पाल, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा तिलारा सहित कार्यालय एवं जिला चिकित्सालय के आयुष विंग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग के आयुष विंग में तैनात चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल कुमार वैद्य ने आर्मी मेडिकल कोर में आयोजित संगोष्ठी में प्रतिभाग किया। उन्होंने आयुर्वेद की उपयोगिता, स्वस्थ जीवनशैली तथा दैनिक जीवन में आयुर्वेद को अपनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।

राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के तहत आयोजित कार्यक्रमों में 50 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को आयुर्वेद को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, नियमित योग एवं प्रकृति परीक्षण अपनाने तथा औषधीय पौधों के संरक्षण और उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।

आयुष विभाग की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आयुर्वेद की पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता और प्राकृतिक स्वास्थ्य पद्धतियों को बढ़ावा देना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *