*INDIA CRIME NEWS पर्यटकों को दिखा बाघ, ग्रामीणों में दहशत”
अल्मोड़ा। धौलछीना के एक रिसॉर्ट में ठहरे पर्यटक जब बिनसर सेंचुरी में सैर-सपाटे के लिए निकले तो ड्राइवर को जीरो पॉइंट के पास जंगल में बाघ दिखाई दिया। चालक ने बाघ की मौजूदगी को अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया। बिनसर क्षेत्र में बाघ के दिखाई देने का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटकों में भय का माहौल और बढ़ गया है।बिनसर क्षेत्र में एक वाहन चालक पर्यटकों को लेकर पहुंचा था। जीरो पॉइंट के पास जंगल के बीच वाहन आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान एक मोड़ के पास बांज समेत अन्य पेड़ों के बीच चालक की नजर बाघ पर पड़ी। अचानक सामने बाघ को देखकर चालक ने वाहन रोककर मोबाइल से उसका वीडियो बना लिया। बाघ कुछ देर तक जंगल में एक स्थान पर बैठा रहा। इसके बाद वह धीरे-धीरे घने जंगल की ओर चला गया।बिनसर सेंचुरी क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी से वन्यजीव प्रेमियों में जहां उत्सुकता है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों और पर्यटकों की चिंता भी बढ़ गई है। क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए लोगों ने वन विभाग से संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जानी चाहिए, ताकि जंगल से लगे क्षेत्रों में किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। वन विभाग ने पर्यटकों को भी सावधानी बरतने और जंगल क्षेत्र में निर्धारित मार्गों से ही आवाजाही करने के लिए जागरूक करने की मांग की गई है।

