*INDIA CRIME NEWS तिलवाड़ा में बंद हुआ केदारनाथ हाईवे, लगा गाड़ियों का लंबा जाम*
रुद्रप्रयाग। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच तिलवाड़ा स्थित गीड गदेरे के उफान पर आने से केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर भारी मात्रा में मलबा, पत्थर और बोल्डर आ गए। जिससे राजमार्ग पूरी तरह बंद हो गया। मार्ग बाधित होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सैकड़ों यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर कांवड़ यात्रियों सहित अन्य वाहनों को सुरक्षित स्थानों से वापस भेजना शुरू कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक जोखिम नहीं उठाया जाएगा।लगातार वर्षा के कारण गीड गदेरे का जलस्तर बढ़ने से राजमार्ग पर भारी मलबा जमा हो गया। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। जेसीबी मशीनों की सहायता से मार्ग बहाली का कार्य शुरू किया गया। हालांकि लगातार हो रही बारिश के कारण राहत एवं बहाली कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
हाईवे बंद होने से केदारनाथ यात्रा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम में फंसे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस लगातार यातायात व्यवस्था संभालने के साथ यात्रियों को सुरक्षित स्थानों की ओर भेजने में जुटी रही।
जिला प्रशासन ने आमजन, कांवड़ यात्रियों और केदारनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि मौसम में सुधार और मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने तक अनावश्यक यात्रा से बचें। साथ ही केवल प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक सूचना और एडवाइजरी के आधार पर ही यात्रा करें। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि मौसम सामान्य होते ही युद्धस्तर पर मार्ग बहाली का कार्य पूरा कर यातायात सुचारु कराया जाएगा। वहीं संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

