*INDIA CRIME NEWS गश्त के दौरान दैनिक श्रमिक पर बाघ का हमला”
रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में गश्त के दौरान एक दैनिक श्रमिक पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद साथी कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाघ के चंगुल से छुड़ाया, फिर उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने घायल श्रमिक को हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के उप निदेशक राहुल मिश्रा और पार्क वार्डन बिंदर पाल सिंह भी अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने घायल श्रमिक और उसके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार की शाम को सुंदरखाल निवासी 32 वर्षीय पीतांबर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की सर्पदुली रेंज में तीन अन्य कर्मचारियों के साथ गश्त पर था। इसी दौरान जंगल में अचानक सामने आए बाघ ने पीतांबर पर हमला बोल दिया।
हमले के बाद मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए कड़ी मशक्कत की और पीतांबर को बाघ के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद आनन-फानन में घायल पीतांबर को तत्काल रामदत्त जोशी राजकीय संयुक्त चिकित्सालय रामनगर लाया गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। बाघ के हमले में पीतांबर के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर नाखून के गहरे घाव बताए जा रहे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के उप निदेशक राहुल मिश्रा और पार्क वार्डन बिंदर पाल सिंह अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने घायल पीतांबर और उसके परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। साथ ही मदद का आश्वासन भी दिया।

