*INDIA CRIME NEWS रुद्रप्रयाग भाजपा में सियासी भूचाल, ग्रामीण मंडल के कई पदाधिकारियों ने दिए इस्तीफे*
*संगठन में मचा हड़कंप, कार्यकर्ता बोले, क्या हम सिर्फ झंडे-डंडे उठाने के लिए हैं?*
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड भाजपा के रुद्रप्रयाग जिले में संगठनात्मक असंतोष अब खुलकर सामने आ गया है। अगस्त्यमुनि ग्रामीण मंडल के कई प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से इस्तीफे सौंपे जाने के बाद संगठन में हलचल तेज हो गई है। मंडल मंत्री, महामंत्री, उपाध्यक्ष से लेकर सोशल मीडिया संयोजक तक कई जिम्मेदार पदों पर कार्यरत पदाधिकारियों ने अपने इस्तीफे भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट को भेज दिए हैं। इस्तीफों के सामने आते ही जिले की राजनीतिक फिजा गर्म हो गई है और संगठन के भीतर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

सूत्रों के अनुसार, हाल ही में भाजपा कार्यकर्ताओं के सोमनाथ भ्रमण को लेकर भी संगठन के भीतर असंतोष की चर्चा रही है। इसी बीच इस्तीफों की प्रतियां सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद भाजपा संगठन में डैमेज कंट्रोल की कवायद शुरू हो गई है।
इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों ने मंडल अध्यक्ष पर लगातार अनदेखी, पक्षपात और संगठन की गतिविधियों से दूर रखने के गंभीर आरोप लगाए हैं। अगस्त्यमुनि ग्रामीण मंडल के उपाध्यक्ष भगवती प्रसाद सेमवाल ने अपने इस्तीफे में कहा कि उन्होंने हर परिस्थिति में पार्टी के लिए समर्पित होकर कार्य किया, लेकिन उन्हें लगातार नजरअंदाज किया गया। उनका आरोप है कि बैठकों, कार्यक्रमों और महत्वपूर्ण संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी तक उन्हें नहीं दी जाती थी।
ग्रामीण मंडल कार्यकर्ता योगेश सेमवाल ने भी आरोप लगाया कि लंबे समय से उन्हें संगठन की गतिविधियों से अलग-थलग रखा गया, जिससे वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर पा रहे थे।
सोशल मीडिया संयोजक विनोद कुमार ने भी अपने इस्तीफे में कहा कि उन्हें पार्टी के किसी भी कार्यक्रम, बैठक अथवा महत्वपूर्ण सूचना से लगातार वंचित रखा गया। वहीं मंडल महामंत्री अजय जोशी ने सबसे तीखा सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो उनकी भूमिका केवल ष्झंडे-डंडे उठाने तक ही सीमित कर दी गई हो।
इस्तीफा देने वाले सभी पदाधिकारियों का कहना है कि यदि समर्पित कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा की जाएगी और उन्हें संगठनात्मक गतिविधियों से दूर रखा जाएगा, तो ऐसे वातावरण में कार्य करना संभव नहीं है। उन्होंने जिला नेतृत्व से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
उधर, इस पूरे घटनाक्रम पर कांग्रेस नेता नरेंद्र बिष्ट ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए दावा किया कि आने वाले समय में इन इस्तीफों पर ष्लीपापोतीष् की जाएगी या फिर इन्हें ष्फर्जीष् बताने का प्रयास किया जाएगा।
हालांकि, इस विवाद में अभी तक अगस्त्यमुनि ग्रामीण मंडल अध्यक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है। उनके जवाब के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि सभी संबंधित कार्यकर्ताओं से बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस्तीफों के कारणों की जानकारी ली जा रही है और जो भी नाराजगी होगी, उसे संगठन स्तर पर दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
फिलहाल, रुद्रप्रयाग भाजपा में शुरू हुआ इस्तीफों का यह दौर जिले की राजनीति में नई हलचल पैदा कर चुका है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संगठन इस असंतोष को कैसे संभालता है और आगे क्या निर्णय सामने आते हैं।

