*INDIA CRIME NEWS खोया बैग सकुशल लौटाकर घांघरिया पुलिस ने जीता श्रद्धालुओं का विश्वास*
हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान चमोली पुलिस द्वारा एक बार फिर अपनी तत्परता एवं सेवा भावना का परिचय देते हुए एक श्रद्धालु का खोया हुआ बैग सकुशल बरामद कर उसे वापस लौटाया गया।

सरदार उज्जवल सिंह पुत्र वीर सिंह, निवासी तेलंगाना, अपने लगभग 20 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ हेमकुंड साहिब के दर्शन हेतु पुलना से घांघरिया की ओर जा रहे थे। यात्रा के दौरान भ्यूंडार पड़ाव के पास उनका बैग कहीं छूट गया। जब श्रद्धालु घांघरिया पहुंचे तो उन्हें बैग के गुम होने का पता चला, जिसके बाद वे तत्काल चौकी घांघरिया पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
श्रद्धालु द्वारा बताया गया कि उनके खोए हुए बैग में लगभग ₹20,000 नकद, आवश्यक दस्तावेज एवं कपड़े रखे हुए हैं तथा बैग को खोए हुए काफी समय बीत चुका है।
सूचना प्राप्त होते ही चौकी घांघरिया में तैनात कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह नेगी, कांस्टेबल राहुल सिंह, होमगार्ड जयदीप एवं होमगार्ड सचिन कण्डवाल द्वारा बिना समय गंवाए भ्यूंडार क्षेत्र में पहुंचकर सघन खोजबीन अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत एवं अथक प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने श्रद्धालु का बैग सकुशल बरामद कर उसे उसके स्वामी को सौंप दिया।
बैग में रखे ₹20,000 नकद, आवश्यक दस्तावेज एवं कपड़े सुरक्षित पाए गए। अपना सामान सकुशल वापस पाकर श्रद्धालु एवं उनके साथ आए अन्य यात्रियों ने चमोली पुलिस की तत्परता, ईमानदारी एवं सेवा भावना की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

