*INDIA CRIME NEWS भारी बारिश के चलते कई सड़कें बदहाल, हाईवे बंद, चीन सीमा का संपर्क कटा*
पिथौरागढ़। मानसून आने के बाद लगातार बारिश के कारण तवाघाट के पास हाईवे बंद हो गया है। जिस कारण चीन सीमा का संपर्क कट गया है। बीआरओ मार्ग खोलने में जुटा हुआ है।
वहीं बाराबीसी क्षेत्र की कई सड़कें इन दिनों बदहाली का शिकार हैं। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों, उखड़ी डामर और क्षतिग्रस्त सड़क सतह के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। बरसात के मौसम में हालात और गंभीर हो गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
लंबे समय से मेलापानी-देवलथल, देवलथल-उड़ाई, उड़ाई-खोला, मसराड़ी-मरौठ, बुंगाछीना-हरिनंदा, सुवालेख-रसैपाटा, चमू बैंड-धुरौली और देवलथल-कनालीछीना सहित कई महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में हैं।
कई स्थानों पर सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़कों के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, बच्चों के स्कूल आने-जाने और किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक ले जाने में कठिनाइयां हो रही हैं।बरसात में गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द सड़कों की मरम्मत कर उन्हें गड्ढा मुक्त बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़कों को ठीक नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
उधर धारचूला में पिछले कई दिनों की तेज बारिश के चलते पीएमजीएसवाई की कालिका-खुमती सड़क पांच दिनों से बंद होने से ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान खुमती विमला देवी ने बताया कि तल्ला खुमती के अन्यार बाटा में पूरी सड़क नीचे से कट गई है। मल्ला खुमती के पास चौपाता नामक स्थान में पर सड़क बंद है। इससे ग्राम पंचायत खुमती के हुनरी, भिड़ी, मल्ला खुमती, सेकली, कटौजिया के साथ अन्य तोकों की लगभग 1500 की आबादी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

