*INDIA CRIME NEWS पानी की टंकी में मिला ब्लैक कोबरा, मचा हड़कंप*

Share Button

*INDIA CRIME NEWS पानी की टंकी में मिला ब्लैक कोबरा, मचा हड़कंप*

हल्द्वानी। मानसून आने के साथ जहरीले सांप अब जंगलों से निकलकर रिहायशी इलाकों तक पहुंचने लगे हैं। हल्दूचौड़ के जग्गीबंगर में एक घर की पानी की टंकी से करीब 6 फीट लंबे ब्लैक कोबरा का रेस्क्यू हुआ। मकान मालिक की सूझबूझ और वन विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
मानसून का मौसम शुरू होते ही जहरीले जीव-जंतुओं की गतिविधियां तेज हो गई हैं। हल्दूचौड़ के जग्गीबंगर क्षेत्र की यह घटना इसी खतरे की ओर इशारा करती है। यहां एक घर की पानी की टंकी में करीब छह फीट लंबा ब्लैक कोबरा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घर के मालिक दीप बमेठा जब रोज की तरह पानी की टंकी खोलने पहुंचे, तो अंदर कुंडली मारकर बैठा विशाल कोबरा दिखाई दिया। दीप ने घबराने या सांप को भगाने की कोशिश करने के बजाय तुरंत टंकी बंद कर दी और परिवार के लोगों को दूर रहने की सलाह दी। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गौला रेंज की वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक चले सावधानीपूर्ण अभियान के बाद कोबरा को सुरक्षित टंकी से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान पूरी सतर्कता बरती गई ताकि किसी को कोई नुकसान न पहुंचे।  रेस्क्यू करने के बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वन विभाग का कहना है कि बारिश के मौसम में बिलों और निचले इलाकों में पानी भरने के कारण सांप सुरक्षित स्थानों की तलाश में घरों, पानी की टंकियों, स्टोर रूम और अन्य जगहों में पहुंच सकते हैं। इसलिए लोग पानी की टंकियां, बाथरूम, स्टोर और आसपास की झाड़ियों की नियमित जांच करें। यदि कहीं सांप दिखाई दे, तो उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें। गौला रेंजर चंदन सिंह अधिकारी ने बताया कि बरसात के कारण सांप अब लोगों के घरों तक पहुंचने लगे हैं। हल्दूचौड़ क्षेत्र में पानी की टंकी सहित अन्य स्थानों से 3 सापों को रेस्क्यू किया गया। लोगों से अपील करते हैं कि वन्य जीव अगर रिहायशी क्षेत्र में आते हैं, तो तत्काल वन विभाग को सूचित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *