*INDIA CRIME NEWS केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए — डॉ. जसविंदर सिंह गोगी*
*लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर उठ रहे गंभीर सवालों ने देश के करोड़ों छात्रों और उनके अभिभावकों को गहरी चिंता में डाल दिया है। हाल के घटनाक्रमों के बाद विभिन्न विपक्षी दलों, छात्र संगठनों तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की जा रही है।*
*महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि बार-बार होने वाली परीक्षा अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने देश की शिक्षा व्यवस्था की साख को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

डॉ. गोगी ने कहा कि जब देशभर के छात्र न्याय और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं, तब केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि छात्रों का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास पुनः स्थापित हो सके।
गोगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए आवाज उठाती रहेगी।

