*INDIA CRIME NEWS स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे जिस्मफरोशी के धंधे का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार*
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। तिकोनिया स्थित एक स्पा सेंटर पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य संचालक फरार बताया जा रहा है। मौके से कई महिलाएं रेस्क्यू की गईं, साथ ही आपत्तिजनक सामग्री, नकदी और रजिस्टर भी बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

हल्द्वानी के तिकोनिया क्षेत्र में स्थित एक स्पा सेंटर पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस को लंबे समय से स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थी। इसी आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस जब स्पा सेंटर के अंदर पहुंची तो अलग-अलग कमरों में युवक और युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में मिले। मौके पर मौजूद महिलाओं ने पूछताछ में आरोप लगाया कि उन्हें नौकरी और बेहतर कमाई का लालच देकर इस धंधे में धकेला गया था।
महिलाओं ने स्पा संचालक, मैनेजर और अन्य कर्मचारियों पर दबाव बनाकर देह व्यापार कराने के आरोप लगाए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्पा की मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं स्पा का मुख्य संचालक मौके से फरार मिला, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में आपत्तिजनक सामान, नकद धनराशि तथा ग्राहकों की एंट्री से जुड़े रजिस्टर बरामद किए हैं। सभी बरामद सामग्री को सील कर साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया गया। पुलिस ने स्पा सेंटर में मौजूद महिलाओं को रेस्क्यू कर उनकी काउंसलिंग कराई और उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेज दिया।
रेस्क्यू की गई महिलाएं दिल्ली, नेपाल, यूपी समेत अन्य जगहों की रहने वाली हैं। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि स्पा सेंटर में शिकायत के बाद छापेमारी की गई। कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि 6 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। फरार आरोपी स्पा संचालक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे है।

