*INDIA CRIME NEWS एसएसपी दून के दमदार नेतृत्व में दून पुलिस ने सुलझायी ब्लाइंड मर्डर की मिस्ट्री*
*प्रेमनगर क्षेत्र में अज्ञात महिला का शव मिलने की घटना का दून पुलिस ने किया खुलासा*
*मृतक महिला के पहले पति द्वारा ही दिया गया था घटना को अंजाम*
*घटना से जुडी सभी कड़ियों को जोडते हुए पुलिस पहुंची हत्यारे पति तक*
*महिला की हत्या कर शव को कट्टे में बंद कर उसके पति द्वारा फेंक दिया था मांडूवाला के जंगलों में*
*अज्ञात महिला को न्याय दिलाने हेतु स्वंय वादी बनी थी पुलिस*
*मृतक महिला की शिनाख्त हेतु 30 से अधिक मलिन/ झुग्गी बस्तियों में पुलिस ने चलाया सत्यापन अभियान*
*5000 से ज्यादा बाहरी/ स्थानीय व्यक्तियों का भौतिक सत्यापन कर जुटाई महिला से संबंधित जानकारी*
*04 वर्ष पूर्व मृतक महिला के किसी अन्य व्यक्ति से शादी करने पर अभियुक्त द्वारा भी कर लिया था दूसरा विवाह*
*01 वर्ष पूर्व अपने दूसरे पति को छोडकर दोबारा अभियुक्त के सम्पर्क में आ गई थी मृतक महिला*
*01 माह पूर्व अपनी 11 माह की बच्ची के साथ अभियुक्त के पास रहने के लिये देहरादून पहुंची थी मृतका*
*मृतक महिला द्वारा अभियुक्त पर अपनी दूसरी पत्नी को छोडकर उसके साथ रहने का लगातार बनाया जा रहा था दबाव*

दिनांक 11-03-2026 को प्रेमनगर क्षेत्रान्तर्गत मॉडूवाला रोड, बालासुदरी मंदिर परिसर मे एक अज्ञात महिला का शव एक सफेद प्लास्टिक के कटटे मे बरामद होने की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रेमनगर पुलिस को प्राप्त हुई। प्राप्त सूचना से उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए थानाध्यक्ष प्रेमनगर मय पुलिस बल के तत्काल मौके पर पहुंचे। मौके पर एक अज्ञात महिला का शव एक सफेद कट्टे के अन्दर पडा था, उसके बगल में एक रजाई पडी थी। जिससे सम्भवत: शव को ढका गया था। घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा घटना स्थल पर पहुंचकर उपस्थित अधिकारियों से घटना के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गई। मौके पर फारेन्सिक टीम द्वारा घटनास्थल की फोटोग्राफी वीडियोग्राफी करते हुए आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई।
मौके पर मृतक महिला की शिनाख्त हेतु आस-पास के लोगों से पूछताछ की गई पर महिला का शव 04 से 05 दिन पुराना होने तथा शव का चेहरा पूरी तरह खराब हो जाने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस द्वारा मौके पर मृतक महिला का पंचायतनामा भरते हुए शव को शिनाख्त हेतु मोर्चरी में रखवाया गया। घटना के सम्बन्ध में उ0नि0 अमित शर्मा चौकी प्रभारी झाझरा द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा पंजीकृत किया गया। मृतका के शव का पोस्टमार्टम डाक्टरो के पैनल के माध्यम से करवाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गला दबाकर हत्या किया जाना पाया गया।
घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत उसके अनावरण हेतु एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर 08 अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा घटना स्थल व उसके आस-पास के जंगलों में काम्बिंग करते हुए घटना स्थल व आने जाने वाले मार्गो पर लगे 2500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों को बारीकी से चैक किया गया। साथ ही सर्विलांस व अन्य माध्यमों से भी घटना से जुडी जानकारियां एकत्रित की गई। परन्तु घटना स्थल शीतला माता मन्दिर व उसके परिसर में कोई सीसीटीवी कैमरा न होने व उसके आस-पास घने जंगल का क्षेत्र होने के कारण पुलिस को कोई ठोस जानकारी प्राप्त नहीं हो पाई।
मृतक महिला के पहनावे से उसके किसी मलीन बस्तियो में रहने की सम्भावना के दृष्टिगत उसकी शिनाख्त हेतु पुलिस द्वारा घटना स्थल व उसके आस-पास के क्षेत्रों में लगभग 30 से अधिक मलीन/झुग्गी बस्तियों में व्यापक स्तर पर सत्यापन अभियान चलाते हुए लगभग 5000 बाहरी/स्थानीय व्यक्तियों का भौतिक सत्यापन किया गया। साथ ही नव निर्मित भवनों, हॉस्टलों, झुग्गी झोपडियों, नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों, मजदूरों, आदि के मध्य मृतक महिला की पहचान सम्बन्धी पाम्प्लेट वितरित कर सोशल मीडिया के माध्यम से भी शव की शिनाख्त के प्रयास किये गये।
पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त हेतु लगातार किये जा रहे प्रयासों के दौरान के दौरान दिनांक 19.03.2026 को पुलिस टीम अज्ञात महिला की शिनाख्त हेतु कॉसवाली कोठरी पहुंची तो पुलिस टीम को जानकारी मिली कि कॉसवाली कोठरी मे एक नव निर्मित मकान मे काम करने वाला बिहार का एक मजदूर अपनी बीवी व छोटे बच्चे के साथ उसी साईट पर रहकर मजदूरी कर रहा था। पर होली के आस-पास से उसके साथ रहने वाली महिला दिखाई नहीं दे रही है। पर उसका बच्चा किसी अन्य महिला के साथ उक्त मजदूर के साथ दिखाई दे रहा है। जिस पर पुलिस टीम द्वारा उक्त मकान के ठेकेदार शिवजी, जो भाऊवाला मे रहता है,से गहनता से पूछताछ की गई तो उसके द्वारा बताया गया कि उसके पास काम करने वाले रंजीत शर्मा नाम के मजदूर की दो पत्नियां हैं, जिनमें से उसकी पहली पत्नी रूपा अपनी बच्ची के साथ माह फरवरी में उसके पास आई थी तथा निर्माणाधीन साइट पर ही उसके साथ रह रही थी।
रंजीत शर्मा द्वारा अपनी पत्नी व बच्ची को बिहार वापस भेजने की बात कहते हुए उससे मोटर साइकिल व 1500 रू0 मांगे तथा उसकी मोटर साइकिल वापस करते हुए उसे बताया कि उसकी पहली पत्नी रूपा बिहार चली गई है तथा दूसरी पत्नी सुशीला बिहार से उसके पास आ गई है। उसके बाद रंजीत अपनी दूसरी पत्नी व पहली पत्नी की बच्ची के साथ कुछ दिन उक्त साइट पर ही रहा तथा वर्तमान में भाटोवाला में रह रहा है। उक्त सूचना पर पुलिस टीम तत्काल भाटोवाला पहुंची जहां पुलिस टीम को देखकर उक्त संदिग्ध व्यक्ति रजींत भागने का प्रयास करने लगा, पर पुलिस टीम द्वारा उसे मौके पर दबोच लिया। जिससे सख्ती से पूछताछ करने पर उसके द्वारा उक्त अज्ञात महिला की पहचान अपनी पहली पत्नी रूपा के रूप में करते हुए उसका गला दबाकर उसकी हत्या करना तथा शव को कट्टे में डालकर शीतला माता मन्दिर के पास जंगल में फेंकने की बात स्वीकार की गयी जिस पर पर पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार किया गया।
*गिरफ्तार*
रंजीत शर्मा पुत्र श्री बिन्देश्वरी शर्मा, निवासी गा्रम कडयूमर, पो0 सुखासन, थाना सिमरी बख्तयारपुर, जिला सहरसा, बिहार, उम्र 32 वर्ष, हाल निवासी भाटोवाला, देहरादून।

