INDIA CRIME: एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: फर्जी जन सेवा केन्द्र का भंडाफोड़, आधार-पैन व मार्कशीट बनाने वाला गिरफ्तार

Share Button

देहरादून, 18 फरवरी 2026।  मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स उत्तराखंड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद ऊधम सिंह नगर में फर्जी तरीके से संचालित एक जन सेवा केन्द्र का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, मार्कशीट तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ अजय सिंह के नेतृत्व में राज्यभर में अवैध रूप से संचालित जन सेवा केन्द्रों, फर्जी आधार, आयुष्मान एवं राशन कार्ड से जुड़े मामलों में अभिसूचना विकसित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ विवेक कुमार के पर्यवेक्षण एवं पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ आर.बी. चमोला के दिशा-निर्देश में 17 फरवरी 2026 को निरीक्षक विकास चौधरी के नेतृत्व में एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने थाना ट्रांजिट कैम्प पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्र स्थित गंगवार जन सेवा केन्द्र पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान चेतन कुमार (21 वर्ष) पुत्र राजपाल, निवासी ग्राम एंचैरा, थाना पटवाई, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश), हाल पता गड्डा कॉलोनी, ट्रांजिट कैम्प, जनपद ऊधम सिंह नगर को मौके से गिरफ्तार किया गया। वह कम्प्यूटर में फर्जी मार्कशीट तैयार करते हुए पकड़ा गया।

फर्जीवाड़े का तरीका

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह पिछले एक वर्ष से यह जन सेवा केन्द्र बिना पंजीकरण के चला रहा था। सिडकुल क्षेत्र के निकट होने के कारण बाहरी राज्यों से आए लोग यहां नौकरी पाने के उद्देश्य से फर्जी स्थानीय आईडी बनवाते थे। सिडकुल में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता मिलने के चलते बाहरी व्यक्ति उत्तराखण्ड का फर्जी आधार कार्ड व मार्कशीट बनवाकर नौकरी प्राप्त कर रहे थे।

अभियुक्त एक प्रोग्राम एप्लीकेशन के माध्यम से ग्राहकों की फोटो लेकर नाम-पता एडिट कर फर्जी आधार कार्ड प्रिंट कर देता था और इसके लिए मनमाना शुल्क वसूलता था। उसने अब तक लगभग 400-500 लोगों के फर्जी दस्तावेज तैयार करने की बात स्वीकार की है।

बरामदगी

छापेमारी के दौरान निम्न सामग्री बरामद की गई—

  • 01 मॉनिटर

  • 01 प्रिंटर

  • 01 सीपीयू

  • 01 बायोमैट्रिक फिंगर स्कैनर

  • 42 फर्जी आधार कार्ड

  • 55 प्लास्टिक पैन कार्ड

  • 09 फर्जी मार्कशीट

जांच में पाया गया कि अधिकांश आधार कार्डों में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के पते अंकित थे, जिन्हें कूटरचित कर उत्तराखण्ड का दर्शाया जाना था।

अभियुक्त के विरुद्ध थाना ट्रांजिट कैम्प में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर फर्जी तरीके से संचालित गंगवार जन सेवा केन्द्र को सील कर दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

एसटीएफ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राज्य में अवैध गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

एसटीएफ टीम:
निरीक्षक विकास चौधरी, उ0नि0 विपिन चन्द्र जोशी, उ0नि0 कृष्ण गोपाल मठपाल, कां0 जीतेन्द्र कुमार, कां0 वीरेन्द्र चौहान, ओपी किशन चन्द्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *