देहरादून। आपराधिक पृष्ठभूमि छिपाकर जनपद में रह रहे संदिग्ध एवं बाहरी व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई के उद्देश्य से उत्तराखंड पुलिस द्वारा 15 फरवरी 2026 से एक माह का सघन सत्यापन अभियान “Operation Crack Down” चलाया जा रहा है। अभियान के तहत देहरादून पुलिस द्वारा नगर एवं देहात क्षेत्रों में लगातार वृहद स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस टीमें गठित कर प्रभावी सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में विगत दो दिनों के भीतर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 2720 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया।
अभियान के दौरान अनियमितता पाए जाने तथा किरायेदारों का सत्यापन न कराने पर 263 व्यक्तियों के विरुद्ध 83 पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालान करते हुए कुल 26 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। इसके अतिरिक्त 108 व्यक्तियों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए 28 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
सत्यापन अभियान के दौरान 08 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर उनसे पूछताछ की गई तथा उनका भौतिक सत्यापन कराया गया।
अभियान के दौरान की गई कार्रवाई का विवरण:
-
सत्यापन किए गए व्यक्तियों की संख्या – 2720
-
83 पुलिस एक्ट में किए गए चालान – 263
-
83 पुलिस एक्ट में कुल जुर्माना – ₹26,30,000
-
81 पुलिस एक्ट में चालानों की संख्या – 108
-
81 पुलिस एक्ट में कुल जुर्माना – ₹28,000
-
थाने पर लाए गए संदिग्ध व्यक्ति – 08
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
