INDIA CRIME : कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी, दून पुलिस का त्वरित सर्च अभियान, कुछ नहीं मिला संदिग्ध

Share Button

देहरादून, 18 फरवरी 2026। जिला जज कार्यालय को ई-मेल के माध्यम से कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद देहरादून पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए व्यापक सर्च अभियान चलाया। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल के जरिए कोर्ट परिसर को विस्फोट से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों पर उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और सर्च अभियान की कमान संभाली।

पुलिस ने एहतियातन कोर्ट परिसर को तत्काल खाली कराया और बम निरोधक दस्ता (BDS) व डॉग स्क्वाड की टीम को मौके पर बुलाया गया। संयुक्त टीम द्वारा पूरे परिसर की गहन और सघन तलाशी ली गई। प्रत्येक कक्ष, पार्किंग क्षेत्र तथा आसपास के स्थानों की बारीकी से जांच की गई।

सर्च अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध सामग्री या विस्फोटक नहीं मिला। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। ई-मेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान के लिए साइबर टीम को भी लगाया गया है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *