हरिद्वार। जनपद में चल रहे जागरूकता अभियान “पुलिस आपके द्वार” के अंतर्गत हरिद्वार पुलिस द्वारा निर्धन निकेतन विद्यालय, खड़खड़ी हरिद्वार में महिला सुरक्षा विषयक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं एवं स्थानीय महिलाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस टीम ने 26 जनवरी 2026 से 31 फरवरी 2026 तक चलाए जा रहे अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 1090/1091, साइबर अपराध से बचाव, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।
पुलिस टीम ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें। पुलिस सदैव उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है। साथ ही आत्मरक्षा के सामान्य उपायों, सतर्कता और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए गए।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल और व्यवहारिक तरीके से उत्तर दिया। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सुरक्षा एवं विश्वास बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस टीम:
-
उ०नि० ब्रह्मदत्त बिजल्वाण
-
उ०नि० निशा सिंह
-
म०का० शोभा
-
का० अरुण नेगी
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनजागरूकता और सहभागिता के माध्यम से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
