*INDIA CRIME NEWS मथुरा दत्त जोशी को पार्टी ने दिया बहुत सम्मानः करन माहरा*

Share Button

*INDIA CRIME NEWS मथुरा दत्त जोशी को पार्टी ने दिया बहुत सम्मानः करन माहरा*

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी टिकट बंटवारे से नाराज हैं। नगर निगम पिथौरागढ़ में मेयर पद के लिए उन्होने अपनी पत्नी रुक्मणी जोशी की दावेदारी की थी लेकिन कांग्रेस पार्टी ने टिकट अंजू लुंठी को दिया है। जिसके बाद वो खुले मंच पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं, साथ ही पार्टी के पदों से इस्तीफा देने की बात कह रहे हैं।

कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी की नाराजगी पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें पार्टी ने हमेशा सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि मथुरा दत्त जोशी वरिष्ठ नेता हैं और उनका यह कहना कि पार्टी ने मुझे कुछ नहीं दिया, सही नहीं है। क्योंकि कांग्रेस पार्टी ने उनकी पत्नी को जिला पंचायत सदस्य बनाया, वर्तमान में मथुरा जोशी पार्टी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के अलावा प्रशासनिक कार्यभार भी देख रहे हैं। करन माहरा ने कहा कि पार्टी में अध्यक्ष के बाद यही सबसे बड़ा पद माना जाता है।
इसके बावजूद उनका यह कहना की पार्टी उन्हें सम्मान नहीं दे रही है तो यह बड़े दुख की बात है। उन्होंने कहा कि दिल्ली से टिकट के फैसले के बाद इस तरह की बात करना समझ में नहीं आ रहा है। करन माहरा ने कहा कि मथुरा दत्त जोशी हमारे वरिष्ठ हैं और सब उनका सम्मान करते हैं। लेकिन जिसको पिथौरागढ़ से पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है, उसी अंजू लुंठी ने साल 2019 में स्वर्गीय प्रकाश पंत के निधन के बाद रिक्त हुई सीट पर उपचुनाव लड़ने की हिम्मत दिखाई। अंजू विगत 3 साल से पिथौरागढ़ में कांग्रेस की जिलाध्यक्ष भी हैं और पार्टी कार्यक्रमों के आयोजनों से लेकर उन कार्यक्रमों में लगातार प्रतिभाग करती आ रही हैं।

ऐसे में पार्टी ने उनकी मेहनत को देखते हुए मेयर प्रत्याशी बनाया है। इसलिए कांग्रेस के सभी नेताओं को मिलकर उनका साथ देना चाहिए। बता दें कि मथुरा दत्त जोशी ने हरीश रावत, प्रीतम सिंह और यशपाल आर्य पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन नेताओं ने ही उनका टिकट काटा है और पूर्व में भी उन्हें मौका नहीं दिया।

*उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी ने दिया पार्टी से इस्तीफा*
देहरादून। निकाय चुनाव से पहले उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। शनिवार को पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रशासन संगठन मथुरा दत्त जोशी ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। अपने इस्तीफे से संबंधित लेटर उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजा है।
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के को लिखे पत्र में मथुरा दत्त जोशी ने कहा है कि अपने जीवन के 48 वर्षों तक उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कांग्रेस पार्टी की सेवा की। लेकिन इतने लंबे वर्षों तक पार्टी की सेवा करने के बाद बहुत क्षुब्ध हैं। ऐसे में कांग्रेस पार्टी द्वारा मुझे वर्तमान में प्रदत्त पदों सदस्य एआईसीसी, सदस्य समन्वय समिति कांग्रेस पार्टी उत्तराखंड के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन उत्तराखंड कांग्रेस के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
बता दें कि मथुरा दत्त जोशी टिकट बंटवारे से नाराज चल रहे थे। उन्होंने कहा कि नगर निगम पिथौरागढ़ में मेयर पद के लिए उन्होंने अपनी पत्नी रुक्मणी जोशी की दावेदारी की थी। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने टिकट अंजू लुंठी को दे दिया। जिसके बाद वह खुले मंच पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे थे। आखिरकार उन्होंने नगर निकाय चुनाव से ठीक पहले सभी पदो से इस्तीफा देकर कांग्रेस पार्टी को तगड़ा झटका दे दिया है। दिलचस्प बात ये है कि जब कांग्रेस ने उत्तराखंड निकाय चुनाव के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी तो वो मथुरा दत्त जोशी के हाथों से ही होती थी। मथुरा दत्त जोशी यूपी के जमाने से कांग्रेस पार्टी में थे। ठीक निकाय चुनाव से पहले उनके इस्तीफे से कांग्रेस को बहुत बड़ा झटका लगा है।  गौरतलब है कि उत्तराखंड में 23 जनवरी को नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान होना है। 25 जनवरी को निकाय चुनाव का परिणाम घोषित होगा। ऐसे में मतदान से पहले कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष का इस्तीफा पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। मथुरा दत्त जोशी 48 साल से कांग्रेस पार्टी में थे। मथूरा दत जोशी के भाजपा में शामिल होने की चर्चा के बाद कांग्रेस से मथूरा दत जोशी को छह साल  के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *